काशीपुर। आज हिंदी पत्रकारिता दिवस यहां काशीपुर मीडिया सेंटर के तत्वाधान में गया। संगठन के उपाध्यक्ष एवं पत्रकार एफयू खान एवं पत्रकार जुगनू खान की बड़ी बहन के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के उपरांत आरंभ हुए कार्यक्रम में पत्रकारिता के महत्व, समाज में मीडिया की भूमिका तथा निर्भीक एवं निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित पत्रकार बंधुओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज को जागरूक करने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। काशीपुर मीडिया सेंटर अध्यक्ष दिलप्रीत सिंह सेठी एवं अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों के योगदान की सराहना की। अध्यक्ष श्री सेठी ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं तथा सत्य और जनहित की आवाज को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पत्रकारों ने एक-दूसरे को हिन्दी पत्रकारिता दिवस की बधाई दी और पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर काशीपुर मीडिया सेंटर के समस्त पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार रफी खान ने किया।
मंगलवार को मीडिया सेंटर लगाएगा छबील
काशीपुर। भीषण गर्मी में राहगीरों और क्षेत्रवासियों की सेवा हेतु काशीपुर मीडिया सेंटर आगामी मंगलवार, 2 जून को महाराणा प्रताप चौक पर ठंडे शरबत की छबील का आयोजन करेगा। उक्त जानकारी देते हुए मीडिया सेंटर अध्यक्ष दिलप्रीत सेठी ने बताया कि प्यासे को शरबत पिलाना सबसे पुण्य का काम है। आइये, पुण्य के इस कार्य में हमारा सहयोग करें और खुद भी शरबत ग्रहण करें।
