खटीमा में पूरा हुआ सीएम धामी के बचपन का सपना, सैनिकों को दी बड़ी सौगात

खटीमा: सीएम पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर गुरुवार को खटीमा दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में बन कर निर्मित हुई सीएसडी कैंटीन का लोकार्पण किया. इसके अलावा सीएम ने सैनिक सम्मान समारोह में शिरकत कर वीर वीरांगनाओं एवं वीर सैनिकों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को अपने पर गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे पर पहुंचे. इस अवसर पर सीएम धामी ने खटीमा के नगर पालिका क्षेत्र में 7 करोड़ 15 लाख की लागत से बन कर तैयार हुए भव्य सीएसडी कैंटीन भवन का पूजा अर्चना के साथ लोकार्पण किया. इस अवसर पर सीएम धामी ने कैंटीन का स्थलीय निरीक्षण कर पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया।

इसके बाद सीएम धामी ने सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया. इस मौके पर सीएम धामी ने 60 वीर वीरांगनाओं एवं 80 पूर्व वीर सैनिकों को सम्मानित किया. सीएम धामी के स्वर्गीय पिता सूबेदार शेर सिंह धामी की चित्र पर सीएम ने अपनी माता विशना देवी एवं धर्मपत्नी गीता धामी के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया. सीएम के साथ नैनीताल सांसद अजय भट्ट,सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी,प्रदीप बत्ता,राम सिंह कैड़ा सहित कई दर्जा मंत्री सैनिक अधिकारियों ने शिरकत की।

इस मौके पर सीएम धामी ने सैकड़ों की संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सैनिकों को संबोधित किया. सीएम धामी ने कहा खटीमा का विधायक रहते खटीमा क्षेत्र में एक भव्य सीएसडी कैंटीन बनाने का उनका सपना आज साकार हुआ है. बचपन में सैनिक पिता के साथ चंपावत जिले के बनबसा कैंटीन जाने के दौरान पूर्व सैनिकों की परेशानी को उन्होंने देखा है. शुरू से उनके मन में खटीमा में सीएसडी कैंटीन निर्माण की चाहत थी. जिसे आज उनकी सरकार ने पूरा किया है।

 





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *