रामनगर में नकली किन्नरों का भंडाफोड़, यूपी से आए थे, कोसी बैराज के पास वसूली करते पकड़े गए

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में नकली किन्नरों का भंडाफोड़ हुआ है. इनके द्वारा अवैध रूप से बधाई और पैसे मांगने का मामला सामने आया है. इस पूरे प्रकरण में रामनगर किन्नर समाज की गुरु रेशमा ने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि सोमवार को रामनगर के कोसी बैराज के पास स्थित पार्क में दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया, जो खुद को किन्नर बताकर राहगीरों और स्थानीय लोगों से पैसे मांग रहे थे।

 

रामनगर में नकली किन्नर पकड़े गए: गुरु रेशमा ने कहा कि पकड़े गए दोनों लोग असल में नकली किन्नर थे. उनका किन्नर समाज से कोई लेना-देना नहीं है. पूछताछ में सामने आया कि ये लोग उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले हैं. इससे पहले ये लोग किन्नर बनकर रोडवेज बस स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों से पैसे मांग चुके थे. उन्होंने बताया कि जब ये लोग पार्क में बैठकर लोगों से जबरन पैसे मांग रहे थे, तभी किन्नर समाज के सदस्यों को इसकी सूचना मिली।

भदोही वापस भेजे गए नकली किन्नर: रेशमा गुरु के अनुसार, इन नकली किन्नरों की वजह से असली किन्नर समाज की छवि खराब हो रही थी और स्थानीय लोगों में डर व भ्रम की स्थिति बन रही थी. उन्होंने कहा कि ये लोग इलाके में आतंक मचा रहे थे और बधाई के नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. किन्नर समाज ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ा और सख्त हिदायत दी. इसके बाद उन्हें रामनगर से भगा दिया गया और वापस भदोही भेज दिया गया।

किन्नर समाज ने की ये अपील: गुरु रेशमा ने बताया कि पकड़े गए दो लोगों में एक महिला और एक अन्य शख्स था, जो खुद को किन्नर बताकर नकली बधाई की उगाही कर रहे थे. उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि ऐसे नकली किन्नरों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी किन्नर समाज के नाम पर लोगों को ठग न सके. साथ ही उन्होंने आम जनता से भी आग्रह किया कि यदि कहीं इस तरह के नकली किन्नर दिखाई दें, तो तुरंत स्थानीय किन्नर समाज या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

 





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *