
देहरादून। नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट कर उन्हें वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर महापौर ने मुख्यमंत्री को काशीपुर क्षेत्र के किसानों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मांग पत्र भी सौंपा।
यह मांग पत्र पिछले दिनों किसानों के समर्थन में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों द्वारा श्री बाली को मुख्यमंत्री महोदय के नाम से दिया गया था। मांग पत्र के माध्यम से महापौर दीपक बाली ने काशीपुर क्षेत्र के किसानों को जल संरक्षण आधारित ग्रीष्मकालीन धान की खेती की अनुमति दिए जाने की मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि ग्रीष्मकालीन धान पारंपरिक धान की तुलना में कम अवधि में तैयार होता है तथा इसमें पानी की खपत भी काफी कम होती है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि संभव है।
महापौर ने बताया कि कृषि विशेषज्ञों के अनुसार आधुनिक एवं वैकल्पिक सिंचाई पद्धतियों के माध्यम से ग्रीष्मकालीन धान की खेती करने से भूजल का अत्यधिक दोहन नहीं होता और यह राज्य सरकार की जल संरक्षण नीति के अनुरूप है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि काशीपुर क्षेत्र के किसानों के हित में 31 मार्च 2026 तक जल संरक्षण आधारित ग्रीष्मकालीन धान की खेती हेतु सशर्त स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के बारे में भी मुख्यमंत्री श्री धामी से विस्तृत वार्ता हुई और उन्हें सभी स्थितियों से अवगत कराया गया साथ ही मुख्यमंत्री से काशीपुर आगमन हेतु निवेदन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महापौर की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और किसानों के हित से जुड़े इस विषय पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रधान संघ के अध्यक्ष जसपाल सिंह जस्सी और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जगजीत सिंह हैप्पी भी मौजूद रहे