रुड़की रेलवे स्टेशन से अफगानी नागरिक गिरफ्तार, 2018 में आया था भारत, 4 साल पहले वीजा खत्म

हरिद्वार जिले के रुड़की में बिना पासपोर्ट और वीजा के रह रहे अफगानी नागरिक को पुलिस ने हिरासत में लिया है. अफगानी नागरिक को बांद्रा ट्रेन एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद चेकिंग के दौरान रुड़की स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) द्वारा पकड़ा गया है. बताया गया है कि चार साल पहले इस अफगानी नागरिक का वीजा समाप्त हो चुका था. वो अवैध रूप से भारत में रह रहा था. फिलहाल पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से सभी मानकों का पालन कर विधिक कार्रवाई कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, बीते शनिवार 13 दिसंबर के दिन बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन में चेन पुलिंग हुई थी. इसके बाद रेलवे स्टेशन रुड़की पर रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. चेकिंग के दौरान आरपीएफ टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. शक के आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति को पकड़ा और हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की.

पुलिस पूछताछ में संदिग्ध की अपनी पहचान एक अफगानिस्तान नागरिक के रूप में हुई, जिसने अपनी पहचान विदेशी नागरिक नजीबुल्लाह (पुत्र हाजी बिस्मिल्लाह निवासी नहिया-3 थाना नहिया-3 जनपद कंधार) अफगानिस्तान) के रूप में बताई.

इसी के साथ जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पकड़ा गया व्यक्ति बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में रह रहा था. बताया गया है कि आरोपी का वीजा लगभग चार वर्ष पूर्व समाप्त हो चुका था, इसके बाद भी वह अवैध रूप से भारत में निवास कर रहा था.

पूछताछ के दौरान विदेशी नागरिक ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के देवबंद में साल 2018 से पढ़ाई कर रहा है और साल 2021 में उसका वीजा समाप्त हो चुका है. आरपीएफ ने नजीबुल्लाह को रुड़की गंगनहर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया है. इसी के साथ रुड़की रेलवे पुलिस बल चौकी के उपनिरीक्षक कमलेश प्रसाद ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है.

पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की टीम ने भी उससे पूछताछ की है. इस पूरे मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई.





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *