श्रीराम संस्थान के छात्रों ने आईआईएम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्राप्त किया प्रथम स्थान


काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्रों ने एक बार फिर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM), द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित पैन-इंडिया एचआर केस स्टडी प्रतियोगिता “प्रज्ञ्यान 10.0” में श्रीराम संस्थान, काशीपुर के छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता आईआईएम के फ्लैगशिप फेस्ट “अग्नित्रय 12.0” के अंतर्गत आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से चयनित टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न हुई। प्रथम चरण में ऑनलाइन क्विज़ आयोजित किया गया। इसमें सफल होने के पश्चात द्वितीय चरण में प्रतिभागियों को एक केस स्टडी दी गई, जिसका समाधान पावरपॉइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। दोनों चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद टेीम SIMT ने तृतीय एवं अंतिम चरण में आईआईएम परिसर में प्रतिभाग किया। अंतिम चरण में देशभर की कुल 8 टीमों के बीच हुए कड़े मुकाबले में SIMT की टीम ने उत्कृष्ट विश्लेषण, प्रस्तुति कौशल एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस विजेता टीम में रामनदीप कौर, शशांक गोयल एवं मयंक देवरानी शामिल रहे। टीम को इस उपलब्धि तक पहुँचाने में संस्थान की फैकल्टी मेंटर श्रीमती अंजलि नायर का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रेरणा महत्वपूर्ण रही। संस्थान के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार, निदेशक प्रो. (डॉ.) योग राज सिंह व प्राचार्य डॉ. एसएस0 कुश्वाहा एवं समस्त फैकल्टी सदस्यों ने छात्रों को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह उपलब्धि न केवल छात्रों के लिए, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है और यह श्रीराम संस्थान, काशीपुर में दिए जा रहे गुणवत्ता-आधारित प्रबंधन शिक्षा का सशक्त प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *