नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का संदेश, महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

काशीपुर। नगर निगम काशीपुर द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत दिल्ली से आई टीम के कलाकारों ने शहर में जनजागरूकता की अनूठी पहल शुरू की है। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य बाजार में नगर निगम कार्यालय के सामने कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सूखे और गीले कचरे के सही निस्तारण, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और स्वच्छता में नागरिकों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
नाटक में रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हास्य–व्यंग्यपूर्ण संवादों के जरिए यह बताया गया कि कूड़ा चाहे थोड़ा हो या ज्यादा, उसे इधर-उधर फेंकना या जलाना कितना नुकसानदायक है। कलाकारों ने स्पष्ट किया कि रसोई से निकलने वाला गीला कचरा हरे डस्टबिन में डालना चाहिए, जिससे खाद बनाई जा सके, जबकि प्लास्टिक, कागज, कांच और अन्य सूखा कचरा नीले डस्टबिन में डालकर रिसाइक्लिंग के लिए दिया जाना चाहिए। साथ ही पॉलिथीन और प्लास्टिक जलाने से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य और पर्यावरणीय नुकसान की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद महापौर दीपक बाली ने नागरिकों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना शहर को साफ रखना संभव नहीं है। इसके बाद महापौर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई, जिसमें घर और आसपास गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और नगर निगम के स्वच्छता अभियानों में सहयोग करने का संकल्प लिया गया।
नुक्कड़ नाटक के समापन पर कलाकारों ने गीत के माध्यम से स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में नगर निगम की ओर से यह भी आह्वान किया गया कि अधिक से अधिक लोग “स्वच्छता साथी” बनकर इस अभियान से जुड़ें, ताकि काशीपुर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके। सफाई निरीक्षक डॉ मनोज बिष्ट ने नागरिकों का आह्वान किया कि शहर को स्वच्छ रखने में निगम को सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *