जिले में 15 दिन में 77 अवैध हथियार बरामद, 64 तस्कर सलाखों के पीछे

Oplus_131072

काशीपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशों पर चले 15 दिन के अभियान ने अवैध असलाह तस्करों की कमर तोड़ दी है। इन 15 दिनों में पुलिस ने 77 अवैध हथियार बरामद किए। शांत माने जाने वाले उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में इन दिनों पुलिस का ‘ऑपरेशन असलाह’ जबरदस्त सुर्खियों में है। जिले के एसएसपी अजय गणपति ने जब से कमान संभाली है, तभी से अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में अवैध हथियारों और तस्करों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया और नतीजे चौंकाने वाले रहे। सिर्फ 15 दिनों के भीतर पुलिस ने पूरे जिले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 77 अवैध हथियार बरामद किए।

इतना ही नहीं 116 जिंदा कारतूस और 4 खाली खोखे भी जब्त किए गए। इस अभियान के दौरान 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जिले की कमान संभालते ही उन्होंने साफ निर्देश दिए थे कि अवैध असलाह रखने वालों और तस्करों के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर यह बड़ी सफलता हासिल की।

अवैध हथियारों की सप्लाई का लिंक पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से जुड़ा मिला है। यहां से असलाह की खेप उधम सिंह नगर लाई जा रही थी, जिसे स्थानीय स्तर पर खपाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए कई बड़े तस्करों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस अभियान की खास बात यह रही कि पुलिस ने केवल छोटे अपराधियों को ही नहीं, बल्कि पूरे गिरोह को निशाने पर लिया। कई ऐसे आरोपी भी पकड़े गए, जो लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचते आ रहे थे।
एसएसपी ने साफ कहा कि उत्तराखंड की शांति व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले समय में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता ने राहत की सांस ली है। वहीं अपराधियों के बीच डर का माहौल साफ देखा जा सकता है। उधम सिंह नगर में चल रहा यह ‘ऑपरेशन असलाह’ अब एक मिसाल बनता जा रहा है कि सख्त इरादों के साथ कानून व्यवस्था कैसे मजबूत की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *