
काशीपुर। लोनिवि के एई (इलैक्ट्रिकल) और प्रशासन की टीम ने आज चैती मेले का मुआयना कर झूलों की सुरक्षा व्यवस्था परखीं और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। लोनिवि के एई (इलैक्ट्रिकल) प्रदीप बिष्ट और तहसीलदार पंकज चंदोला ने नगर निगम की टीम के साथ चैती मेले में लगे झूलों का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने झूला संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि झूलों में तकनीकी स्टाफ रोजाना संचालन से पहले जांच सुनिश्चित करें। साथ ही बताया कि झूलों पर इलैक्ट्रीशियन और फोरमैन की मौजूदगी अनिवार्य है। निर्देश दिए गए कि झूलों में गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और वृद्धों को न बैठाया जाए। इसके अलावा सभी संचालकों को विद्युत, सुरक्षा विभाग और फायर विभाग से एनओसी अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिए गए। टीम में नगर निगम के मनोज बिष्ट समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।