
काशीपुर । ज्ञानार्थी कॉलेज में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय स्टेट बैंक, काशीपुर मुख्य शाखा के ब्रांच मैनेजर श्री शक्ति शेखर जी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने के विभिन्न अवसरों, आवश्यक योग्यताओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बड़ी उत्सुकता के साथ भाग लिया और अपने मन में उठ रहे विभिन्न प्रश्नों को मुख्य वक्ता के समक्ष रखा। श्री शक्ति शेखर जी ने सभी प्रश्नों का सरल और प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया, जिससे विद्यार्थियों को बैंकिंग सेक्टर में आगे बढ़ने के लिए नई दिशा और आत्मविश्वास प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के अध्यक्ष श्री संतोष मेहरोत्रा जी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके पश्चात संस्था की सेक्रेटरी श्रीमती शिवानी मेहरोत्रा जी एवं संस्थान प्रमुख श्रीमती प्रतिमा सिंह जी द्वारा भी उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर श्री मनोज मिश्रा जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यशाला ने विद्यार्थियों को न केवल बैंकिंग क्षेत्र की गहराई से समझ प्रदान की, बल्कि उन्हें अपने करियर को लेकर जागरूक और लक्ष्य के प्रति समर्पित बनने की प्रेरणा भी दी। कॉलेज प्रशासन द्वारा इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाने का आश्वासन दिया गया।