
काशीपुर । श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIMT & PG College), काशीपुर में भारतीय समाचार पत्र दिवस के अवसर पर एक विशेष शैक्षणिक एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह दिवस भारत के पहले समाचार पत्र “हिक्कीज बंगाल गजट” के प्रकाशन की स्मृति में मनाया जाता है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राजीव घई, अध्यक्ष, काशीपुर डेवलपमेंट फोरम, विशिष्ट अतिथि एवं पैनल चर्चा विशेषज्ञ के रूप में श्री आदर्श सिंह, ब्यूरो चीफ, अमर उजाला, श्री दिलप्रीत सेठी, अध्यक्ष, प्रेस मीडिया सेंटर, काशीपुर, श्री रूपेश कुमार शर्मा, मैनेजर, दैनिक जागरण, रुद्रपुर, श्री विनोद भगत, एडिटर-इन-चीफ, शब्द दूत, श्री गणेश रावत, वरिष्ठ रिपोर्टर, टीवी एवं प्रिंट मीडिया, रामनगर एवं अन्य मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र में समाचार पत्रों की भूमिका, जिम्मेदार पत्रकारिता तथा समाज निर्माण में मीडिया के योगदान को रेखांकित करना था। इस अवसर पर प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता, मीडिया नैतिकता तथा डिजिटल युग की चुनौतियों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय एवं क्षेत्रीय मीडिया प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा समाचार विश्लेषण एवं पत्रकारिता से जुड़े विषयों पर सक्रिय सहभागिता भी देखने को मिली।
इस अवसर पर अपने संबोधन में संस्थान के अध्यक्ष श्री रविंद्र कुमार ने कहा कि समाचार पत्र केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा हैं। मीडिया ने हमेशा समाज को दिशा देने, सच्चाई सामने लाने और जनचेतना को मजबूत करने का कार्य किया है। श्रीराम इंस्टीट्यूट का उद्देश्य है कि हमारे विद्यार्थी जिम्मेदार नागरिक बनें, जो तथ्यों को समझें, विश्लेषण करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।
संस्थान के निदेशक प्रो0 डॉ0 योगराज सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज के डिजिटल युग में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता और गहराई अपनी एक अलग पहचान रखती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को पत्रकारिता की मूल भावना, मीडिया एथिक्स और जिम्मेदार रिपोर्टिंग का वास्तविक बोध हुआ है। मीडिया प्रोफेशनल्स का हमारे बीच आना छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा।”
संस्थान के प्राचार्य डॉ0 एस0 एस0 कुशवाहा ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को समाचार पत्रों की शक्ति, पत्रकारिता की जिम्मेदारी और मीडिया की सामाजिक भूमिका से जोड़ना था। छात्रों को मीडिया प्रोफेशनल्स से सीधे संवाद का अवसर मिला, जो उनके समग्र विकास और जागरूक सोच के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि समाचार पत्र आज भी विश्वसनीय सूचना, गहन विश्लेषण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का सशक्त माध्यम हैं, तथा विद्यार्थियों को मीडिया साक्षरता एवं तथ्यपरक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम का समापन मीडिया प्रतिनिधियों को उपहार भेंट कर सम्मानित करने, धन्यवाद ज्ञापन एवं सहभोज (लंच) के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा।