प्रभारी बनने के बाद पहली बार ऊधम सिंह नगर पहुंचे मंत्री प्रदीप बत्रा

रुद्रपुर: उत्तराखंड सरकार में हाल ही में कैबिनेट मंत्री बने प्रदीप बत्रा का रुद्रपुर में जोरदार स्वागत हुआ. पहली बार जिले में पहुंचने पर उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में जीत का भरोसा जताया. प्रदीप बत्रा को ऊधम सिंह नगर जिले का प्रभारी बनाया गया है. बत्रा पर इस जिले के जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति तथा विकास कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी है।

प्रभारी बनने के बाद पहली बार ऊधम सिंह नगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा: उत्तराखंड की भारतीय जनता पार्टी सरकार में नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री एवं ऊधम सिंह नगर के प्रभारी प्रदीप बत्रा का बुधवार को रुद्रपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया. कैबिनेट मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा था, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला. बत्रा के
रुद्रपुर पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया और जोरदार नारेबाजी के साथ स्वागत किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और समर्थक मौजूद रहे. कार्यक्रम में स्थानीय विधायक शिव अरोड़ा भी उपस्थित रहे, जिनका मंत्री बत्रा ने विशेष रूप से आभार जताया।

बत्रा बोले- स्वागत का ऋण उम्मीदों पर खरा उतर के चुकाऊंगा: मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदीप बत्रा ने कहा कि उन्हें जो सम्मान और स्नेह रुद्रपुर में मिला है, वह उसे कभी नहीं भूलेंगे. उन्होंने कहा कि मैं इस स्वागत का ऋण यहां के लोगों की सेवा करके चुकाऊंगा. उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलकर विकास कार्यों को गति देंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

बीजेपी एकजुट होकर लड़ेगी चुनाव: आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और शानदार जीत हासिल करेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सभी सीटों पर विजय प्राप्त करना है और इसके लिए संगठन स्तर पर अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है. प्रदीप बत्रा ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रही हैं, जिनकी गूंज देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर सुनाई दे रही है।

दलबदलुओं से नहीं होगा नुकसान: हाल ही में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए कई नेताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए बत्रा ने कहा कि पार्टी को इससे कोई नुकसान नहीं होगा. उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, वे पहले भी भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं और हार का सामना कर चुके हैं. ऐसे में उनके जाने से संगठन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और ऊधम सिंह नगर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी. मंत्री बत्रा का यह दौरा न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नया जोश भी देखने को मिला है।

 





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *