सही साबित हुआ मौसम विभाग का पूर्वानुमान, पूरे उत्तराखंड में हो रही बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी

देहरादून: उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान सटीक साबित हुआ. मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. इस अलर्ट के अनुसार आज पूरे उत्तराखंड में बारिश हो रही है. रात से शुरू हुई बारिश कई जिलों में जारी है. मौसम विभाग ने 9 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.।

मौसम विभाग का अनुमान सही निकला: उत्तराखंड में आज 8 अप्रैल को सभी जिलों में बारिश हो रही है. रात को शुरू हुई बारिश आज सुबह भी जारी है. अप्रैल में हो रही बारिश से लोग आश्चर्यचकित हैं. पहाड़ के लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले अप्रैल में इस तरह बारिश और ऐसी ठंड पहले नहीं देखी थी. ऊंचे हिमालय पर स्थित उत्तरकाशी जिले से लेकर मैदान में स्थित ऊधम सिंह नगर जिले में भी बारिश हो रही है।

पहाड़ी जिलों में ऊंचाई पर हो रही बर्फबारी: सभी पहाड़ी जिलों में रात से ही बारिश हो रही है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो रही है. गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में भी बर्फबारी हो रही है. बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है।

नैनीताल जिले में बारिश से नुकसान: देर रात से शुरू हुई बेमौसम बारिश ने कालाढूंगी, बैलपड़ाव, रामनगर, कोटाबाग और पिरूमदारा सहित कई ग्राम सभाओं में किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. खेतों में तैयार खड़ी और कटी हुई फसलें बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

कालाढूंगी क्षेत्र में देर रात से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. जिन फसलों की कटाई का समय चल रहा था, वे अब भारी नुकसान की चपेट में आ गई हैं. गेहूं, चना, मसूर और जौ की फसलें जहां पूरी तरह पककर तैयार खड़ी थीं, वहीं कई किसानों ने इन फसलों को काटकर खेतों में ही रखा हुआ था।

अचानक हुई इस बारिश ने कटी हुई फसलों को पूरी तरह भिगो दिया, जिससे उनके खराब होने का खतरा बढ़ गया है. खेतों में पानी भरने और लगातार हो रही रिमझिम बारिश के कारण फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है, इससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

स्थानीय किसानों के चेहरे पर मायूसी साफ देखी जा सकती है. कई किसानों का कहना है कि इस बार फसल अच्छी हुई थी और उन्हें अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

मौसम विभाग ने 13 अप्रैल तक का पूर्वानुमान जारी किया: इसके साथ ही मौसम विभाग ने 13 अप्रैल तक का मौसम का पूर्वानुमान भी जारी कर दिया है. इस पूर्वानुमान के अनुसार कल से मौसम थोड़ा बदलेगा. हालांकि राज्य के पहाड़ी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मैदानी इलाकों में कल यानी गुरुवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. कल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. 3000 मीटर और इससे ऊंचाई पर स्थित स्थानों पर बर्फबारी होगी।

उत्तराखंड में तापमान में गिरावट: इसके बाद 10 अप्रैल से लेकर 13 अप्रैल तक मौसम का यही पैटर्न रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 1 से 2 दिन में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. उसके 3-4 दिन बाद अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा।

 





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *