जन-जन की सरकार, जनता के द्वारा’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, 70 शिकायतें प्राप्त; अधिकांश का मौके पर निस्तारण”

काशीपुर। गुरुवार को कुंडेश्वरी किसान इंटर कॉलेज के प्रांगण में ‘जन-जन की सरकार, जनता के द्वारा’ थीम के तहत एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। शिविर की अध्यक्षता एडीएम पंकज उपाध्याय ने की।

पत्रकारों से बातचीत में एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि शिविर में लगभग 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का निस्तारण संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पेंशन, राशन कार्ड, बिजली, पेयजल, पुलिस, राजस्व एवं खाद्य विभाग से जुड़ी समस्याएं अधिक सामने आईं, जिनमें से कई का तत्काल समाधान किया गया।

एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का एक ही छत के नीचे समाधान करना है। शिविर में लगभग सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहते हैं, जिससे फरियादियों की शिकायत सुनकर संबंधित अधिकारी से तत्काल बातचीत कर समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा लाभार्थियों को टूल किट, गर्भवती महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरण भी किया गया। शिविर में आए फरियादी समाधान से संतुष्ट नजर आए।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष यशपाल राजहंस ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो। उन्होंने सरकार की पारदर्शी, ईमानदार और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यप्रणाली पर जोर दिया।

शिविर में एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदोला, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष यशपाल राजहंस, वरिष्ठ नेता राजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शर्मा, कुंडेश्वरी ग्राम सभा की प्रधान पायल चौधरी, यश चौधरी, अमरीक चौधरी सहित सिंचाई विभाग से एई गौरव पाठक, खाद्य पूर्ति विभाग से आशुतोष भट्ट, कृषि एवं मंडी से प्रकाश सिंह, चकबंदी से राहुल शर्मा, शिक्षा विभाग से अनिल चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *