
काशीपुर । आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर की प्रधानाचार्य डॉ मालिनी शर्मा को ‘सेना प्रमुख प्रशस्ति पत्र’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रगति के लिए दिया गया है। डॉ मालिनी शर्मा के कुशल नेतृत्व में आर्मी स्कूल, हेमपुर के विद्यार्थियों की आईआईटी, नीट, एनडीए और राष्ट्रीय स्तर के खेलों जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में होने वाली उपलब्धियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रधानाचार्य डॉ मालिनी शर्मा को इससे पहले भी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृट प्रदर्शन के लिए मानव संसाधन विकास मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी तथा चीफ ऑफ स्टाफ मुख्यालय सेंट्रल कमांड से प्रशंसा पत्र मिल चुका है। विद्यालय के चेयरमैन और स्थानीय सैन्य स्टेशन के कमांडेट ब्रिगेडियर सुखवीर सिंह नें बधाई देते हुए कहा कि ‘सेना प्रमुख प्रशस्ति पत्र’ भारतीय थल सेना में वीरता, कर्तव्य के प्रति समर्पण या विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान है जो उन सैनिकों या नागरिकों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अनुकरणीय कार्य किया हो। यह पुरस्कार सीधे थल सेनाध्यक्ष द्वारा दिया जाता है। असाधारण कर्तव्यनिष्ठा के लिए मिला यह सम्मान पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।