कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने भाजपा सरकार को घेरा

काशीपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव और लोकसभा प्रत्याशी रहे प्रकाश जोशी ने प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव निपटने के तुरंत बाद सरकार ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि कर दी। अब पेट्रोल और डीजल के रेट बढ़ाने की तैयारी है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उत्तराखंड की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी से उतर गई है। पर्वतीय अंचल में 950 स्कूल बंद हो गए हैं। चार हजार स्कूलों में दस से कम बच्चे पढ़ रहे हैं। 1400 स्कूलों में छात्र संख्या शून्य है। ऐसे में सरकार अपनी विज्ञापन के माध्यम से उपलब्धि गिना रही है।
प्रेस वार्ता के बाद आयोजित पार्टी की बैठक में पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा है कि 2027 का चुनाव हम एकजुटता से लड़कर जीत कर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि पहाड़ में कई गांव ऐसे हैं जहां सड़क पहुंची ही नहीं। हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल की हालत खस्ता है। अस्पतालों में स्पेशलिस्ट डॉक्टर नहीं हैं। आंगनवाड़ी कार्यकत्री आंदोलित हैं। लेकिन सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। हर बार परीक्षा होती है लेकिन पेपर लीक हो जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह बातें जनता के बीच ले जाने की अपील की। भाजपा ने हिंदू मुसलमान के बीच दूरी बना दी है। देवभूमि कहलाने वाले उत्तराखंड में लीव इन रिलेशनशिप को भाजपा सरकार ने मान्यता दे दी है। यह भाजपा का चेहरा बताता है। जिन लोगों ने राज्य गठन के लिए कुर्बानी दी आज उनके सपने टूट चुके हैं। आज तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल सका। पहाड़ों से पलायन तेजी से हो रहा है।
इस मौके पर एआईसीसी सदस्य और कांग्रेस प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अलका पाल, पूर्व अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, दीपिका गुड़िया, जितेन्द्र सरस्वती, इंदुमान, मनोज जोशी, ब्रह्म पाल, सारिम सैफी, गौरव चौधरी, पार्षद अब्दुल कादिर, नौशाद हुसैन, राशिद फारूखी और सरफराज, रवि ढींगरा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *