चैती मेला : पटरी कारोबारियों ने मेला मजिस्ट्रेट से शिकायत कर इंसाफ की लगाई गुहार
काशीपुर। प्रसिद्ध चैती मेले में महंगाई की मार झेल रहे दुकानदारों के साथ ही पटरी कारोबारी मनमर्जी तहबाजारी वसूले जाने से बुरी तरह परेशान हैं। परेशान पटरी कारोबारियों ने मेला मजिस्ट्रेट से शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई है। करीब सात-आठ वर्ष पूर्व प्रशासन के साथ में आया ऐतिहासिक चैती मेला प्रत्येक वर्ष महंगा होता जा रहा है। इस वर्ष मेले में दुकान व तहबाजारी का ठेका 2,63,55,932 रुपये में हुआ है, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 50 लाख रुपये अधिक है। लगातार ठेका महंगा होते जाने से बहुत से दुकानदारों ने यहां आने से मुंह मोड़ लिया। जो आये हैं वे मंहगाई की मार झेल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मेला में पटरी कारोबारियों (तहबाजारी) से तहबाजारी ठेकेदार द्वारा मनमर्जी रुपये वसूले जाने की चर्चा जोरों पर है। मेला क्षेत्र के नीरा, कुल्फी, पेठा व जूस बेचने वाले ठेला कारोबारियों ने बताया कि उन्हें तहबाजारी वसूली में सौ रुपये की पर्ची दी जा रही है, जबकि उनसे बिना किसी लिखित के 300 से लेकर 800 रुपये प्रतिदिन वसूल किया जा रहे हैं। इस संबंध में मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। कुछ लोगों ने तहबाजारी की पर्ची दिखाकर उनसे शिकायत की है। इस मामले में संबंधित ठेकेदार को बुलाया गया है। शिकायत सही पाये जाने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।