बड़ी ख़बर :ओवरटेकिंग विवाद में फायरिंग – The News Plus

देहरादून : थाना राजपुर के अंतर्गत जोहड़ी गांव (मालसी) के पास ओवरटेकिंग के दौरान एक वाहन को पास न देने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद में गोली चलने से सड़क पर मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति को दुर्घटनावश गोली लग गई.इस घटना में उस व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक आर्मी के रिटायर्ड ब्रिगेडियर थे.घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी पहुंचे,जिसके बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.पुलिस की टीमें गोली चलाने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए जनपद के सभी इलाकों में नाकेबंदी कर कार्रवाई में जुटी है. बताया जा रहा है कि गोली चलने के इस विवाद में दिल्ली निवासी लोग फॉर्च्यूनर गाड़ी में और दूसरा पक्ष स्कॉर्पियो N में सवार था. इस घटना को लेकर पुलिस अन्य पहलुओं की जांच भी कर रही है, कि किस कारण गोलीबारी हुई.क्योंकि जानकारी यह भी मिल रही है कि दो पक्षों के बीच विवाद में फायरिंग करने की वजह कुछ आपसी रंजिश भी हो सकती है।

पुलिस जानकारी के अनुसार आज 30/03/2026 को समय 6.50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी, गांव मे फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई, सूचना पर तत्काल कंट्रोल द्वारा उच्च अधिकारियों और राजपुर थाना को अवगत कराया गया.घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी व अन्य अधिकारी एवं राजपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घटना के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मसूरी रोड पर मालसी के पास गाड़ी को पास न देने को लेकर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार व एक स्कॉर्पियो N कार में सवार व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें स्कॉर्पियो N में सवार व्यक्तियों द्वारा फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रुकवाने के लिए उसके टायरो पर फायरिंग की गई.फायरिंग की घटना में दुर्घटनावश सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को गोली लग गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी मौत हो गई.. बताया गया की इस घटना में फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया,जिसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार व्यक्तियों द्वारा फॉर्च्यूनर कार में सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया.उक्त घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार 02 व्यक्तियों को चोटें आई है, जिन्हें उनके साथियों द्वारा उपचार की अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो कार में सवार सभी व्यक्ति मौके से फरार हो गए. ऐसे में घटनाक्रम को अंजाम देने वाले लोगों के धरपकड़ के लिए जनपद देहरादून के अलग-अलग इलाकों में पुलिस नाकेबंदी कर कार्यवाही में जुटी हैं।

 

 

 





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *