7500 लीटर नकली घी जब्त, चार गिरफ्तार

 

जयपुर: राजधानी जयपुर में नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. फैक्ट्री में करीब 7500 लीटर नकली, नामी कंपनियों का पैकिंग मेटेरियल और अन्य सामान जब्त किया गया है. इस फैक्ट्री में घी, रिफाइंड ऑयल में एसेंस मिलाकर नकली घी बनाया जा रहा था. जयपुर (पश्चिम) डीएसटी और खोरा बीसल थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है.

जयपुर (पश्चिम) डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा ने रविवार को बताया कि जिला विशेष शाखा के कांस्टेबल राकेश कुमार को मुखबिर से एक फैक्ट्री में नकली घी बनाने की सूचना मिली थी. इस पर खोरा बीसल थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह और डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया.

जयपुर डेयरी और खाद्य सुरक्षा विभाग को दी जानकारी : उन्होंने बताया कि जानकारी की तस्दीक करने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार चेजारा और जयपुर सरस डेयरी के गुण नियंत्रक अधिकारी हिमांशु कुमार बैरवा को मौके पर बुलाया गया. टीम फैक्ट्री में पहुंची तो वहां नामी कंपनियों के पैकिंग मेटेरियल भी मिले. घी के डिब्बों के कार्टन, गत्ते के पैकेजिंग रैपर, पैकिंग के लिए प्लास्टिक के रोल, एगमार्क रेप्लिका और सील करने के उपकरण मिले.

बीएनएस, कॉपीराइट एक्ट में मामला दर्ज : फैक्ट्री में चार लोग काम करते मिले, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि फैक्ट्री में एक निजी कंपनी की घी और रिफाइंड ऑयल को गर्म कर उसमे एसेंस मिलाकर घी तैयार किया जा रहा है. पड़ताल में नकली घी बनाने की बात सामने आने पर एक नामी डेयरी के गुण नियंत्रण अधिकारी हिमांशु कुमार ने उनकी कंपनी की घी के नाम से नकली घी बनाकर छवि खराब करने के संबंध में एक रिपोर्ट दी. जिसके आधार पर बीएनएस, कॉपीराइट एक्ट और व्यापार चिह्न अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.

चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार : पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फैक्ट्री का शटर बाहर से बंद कर भीतर नकली घी बनाते थे, ताकि किसी को शक नहीं हो. वेस्टेज व अन्य सामग्री को भट्टी में जलाकर नष्ट कर देते थे. पड़ताल में सामने आया कि फैक्ट्री में औसतन हर दिन दो हजार लीटर नकली घी बनाया जा रहा था और फैक्ट्री के भीतर ही वाहनों में लोड कर बाजार में भेजा जा रहा था. उन्होंने बताया कि इस संबंध में राजेंद्र कुमार गुप्ता, अनिल जोशी, भूपेंद्र उर्फ रूपेंद्र शर्मा और जगदीश शर्मा को गिरफ्तार किया गया है. जबकि मुख्य आरोपी रविंद्र शर्मा फरार चल रहा है.





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *