नए साल का पहला हफ्ता हरिद्वार जिले के लिए हादसों वाला रहा है. यहां एक के बाद एक तीन हादसों ने तीन लोगों की जिंदगी खत्म कर दी. मंगलवार को ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में ड्यूटी पर जाते समय पोस्ट ऑफिस कर्मचारी को एक ट्रक ने कुचल दिया. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मंगलौर कस्बे में टायर फटने से अनियंत्रित हुए ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया. बाइक सवार युवक की मौत हो गई. इससे पूर्व सोमवार को बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित हाईवे पर जया मैक्सवेल अस्पताल के पास एक बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में भी देवर के साथ मंगलौर जा रही एक 23 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी.
हादसा नंबर 1: पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय वैभव कुमार पुत्र विशंबर प्रसाद निवासी न्यू आदेश नगर रुड़की, हरिद्वार पोस्ट ऑफिस में कार्यरत था. मंगलवार सुबह वह मोटरसाइकिल पर रुड़की से ड्यूटी पर आ रहा था. हाईवे पर भूमानंद अस्पताल के सामने पहुंचते ही अचानक पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी और सिर पर पहिया चढ़ गया. मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने ट्रक को चिह्नित कर लिया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों ने शाम को पुलिस को मामले में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की. ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की जांच की जा रही है.
हादसा नंबर 2: हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हाससे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. बताया गया है कि टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित हो गया. ट्रक ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है.
हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर 108 के माध्यम से रुड़की के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया. इसी के साथ पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी. बताया गया है कि युवक उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर का निवासी था. उसका नाम आरिफ और उम्र 30 वर्ष थी. आरिफ रुड़की में रामपुर चुंगी स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में अपने बहनोई इंतजार के पास रहता था और ई रिक्शा चलाने का काम करता था.
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि ट्रक का टायर फटने से हादसा हुआ है. हादसे में बाइक सवार की मौत हुई है. मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है. तहरीर मिलने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
हादसा नंबर 3: दो दिन पूर्व सोमवार को बहादराबाद क्षेत्र में महिला की भी हादसे में दर्दनाक मौत हो गई थी. यहां बीते सोमवार शाम को 23 वर्षीय रजिया निवासी मंगलौर, अपने देवर के साथ बाइक से हरिद्वार से मंगलौर जा रही थी. जैसे ही दोनों बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित हाइवे पर जया मैक्सवेल अस्पताल के पास पहुंचे तभी, ज्वालापुर की ओर से आ रही एक बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.
बस की टक्कर लगते ही बाइक सवार गिर पड़े. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठी रजिया नीचे गिर गई और बस का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया. गंभीर रूप से घायल रजिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है. फरार बस चालक की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.