धामी मंत्रिमंडल की बैठक आज, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज यानी मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है. सचिवालय में सुबह 10.30 बजे से शुरू होने जा रही कैबिनेट बैठक में तमाम महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना है. हालांकि, ये बैठक आगामी मानसून सत्र के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है. क्योंकि बैठक के दौरान विधानसभा मानसून सत्र के तिथियों और स्थान को लेकर चर्चा होने की संभावना है. इसके साथ ही तमाम विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लग सकती है.

उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लगने की संभावना है. राजकीय मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करने के बाद एमबीबीएस के छात्रों को पर्वतीय क्षेत्रों में बॉन्ड के तहत तीन सेवाएं देनी होती है. लेकिन कुछ दिन इस्तेमाल करने के बाद ही एमबीबीएस डॉक्टर्स पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए आवेदन कर देते हैं और पीजी करने चले जाते हैं. जिसके चलते डॉक्टर की कमी बरकरार रहती है. इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने वाले छात्रों को कम से कम 3 साल तक अपनी सेवाएं देनी होंगी.

उसके बाद ही उन्हें पीजी करने के लिए अनुमति दी जाएगी. इस प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लगने की संभावना है. प्रदेश के संविदा कर्मियों के नियमितीकरण का मामला भी मंत्रिमंडल में सम्मुख रखा जा सकता है. इसके साथ ही बैठक में तमाम विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण फैसले पर निर्णय लिए जा सकते है. बैठक में परिवहन विभाग, शहरी विकास, उद्योग, कार्मिक, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास विभाग के प्रस्तावों पर कैबिनेट में चर्चा हो सकती है.

यही नहीं, नियोजन विभाग की ओर से तमाम नीतियां भी तैयार की गई हैं जिन नीतियों पर भी मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान मुहर लगने की संभावना है. खासबात ये है कि ईवी पॉलिसी के साथ ही शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादले में पारदर्शिता लाने संबंधित प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *