
काशीपुर । पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री अजय भट्ट ने उधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर क्षेत्र के किसान सुखवंत के परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
सांसद श्री भट्ट ने किसान सुखवंत के पिता से बात करते हुए परिजनों से धैर्य और साहस बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस दुखद घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
श्री भट्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त द्वारा मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है, वहीं पुलिस महकमे की ओर से आईजी कुमाऊं को भी प्रकरण की विस्तृत जांच सौंपी गई है।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी इस पूरे मामले को लेकर अत्यंत गंभीर हैं और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।