
काशीपुर । कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक में आज सुबह चीख-पुकार और दहशत का माहौल पैदा हो गया जब खनन सामग्री से भरे एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवार जयपाल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही अत्यंत दर्दनाक मौत हो गई। आज सुबह करीब 8 बजे हुए इस हृदय विदारक हादसे ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया और देखते ही देखते शांतिपूर्ण इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। जहां एक ओर मृतक के परिवार में मातम पसरा था, वहीं दूसरी ओर उग्र हुई भीड़ ने संवेदनशीलता को ताक पर रखकर कानून अपने हाथ में ले लिया और डंपर को आग के हवाले कर दिया।
हालांकि सड़क पर दौड़ते मौत के इन सौदागरों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा स्वाभाविक था, लेकिन इंसाफ की आड़ में की गई यह आगजनी और अराजकता समाज के लिए एक गंभीर प्रश्न छोड़ गई है। भीड़ द्वारा इस तरह हिंसक होकर कानून को चुनौती देना और सार्वजनिक व्यवस्था को भंग करना किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि ऐसी उग्रता अक्सर असल मुद्दे से ध्यान भटकाकर निर्दोषों के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर देती है। फिलहाल, धधकती लपटों और पुलिस की गहमागहमी के बीच क्षेत्र में तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा हुआ है और प्रशासन स्थिति को काबू करने में जुटा है ।