
काशीपुर। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चैती मेला परिसर स्थित भगवान श्री मोटेश्वर महादेव जी (मोटेश्वर बाबा) का भव्य श्रृंगार उज्जैन महाकाल के मुख्य पुजारी अमर शर्मा एवं उनके पुत्र हर्ष शर्मा द्वारा कराया जा रहा है। जानकारी देते हुए समाजसेवी एवं कांग्रेसी नेता शिवम शर्मा ने समस्त शिव भक्तों से आग्रह किया है कि आज सायं 7 बजे श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के रौद्र स्वरूप का दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।प्राचीन श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर चैती मेला परिसर में महादेव नहर के समीप स्थित है। प्रतिवर्ष फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आये कांवरिया अपनी कांवर भगवान शिव को अर्पित उनका जलाभिषेक करते हैं। साथ ही लाखों शिव भक्त भी अपने आराध्य भगवान शिव का जलाभिषेक कर मनौती मांगते हैं। सावन मास में भी पूरे माह भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाता है। चैत्र मास में नवरात्रि के अवसर पर मां बाल सुंदरी देवी को प्रसाद अर्पित करने के साथ ही श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर जाकर श्रृद्धालु प्रसाद चढ़ाते हैं। इस दौरान श्री मोटेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार किया जाता है। इस अलौकिक श्रृंगार दर्शन करने भारी संख्या में शिव भक्त पहुंचते हैं।