मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने किया फायर स्टेशन का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया

काशीपुर । फायर स्टेशन का गुरुवार को अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया द्वारा किया गया।

निरीक्षण की शुरुआत फायर स्टेशन प्रांगण में आयोजित फॉलीन परेड से हुई, जहां प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में लीडिंग फायरमैन चंदन सिंह ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सलामी दी। इस दौरान सभी कर्मचारियों का टर्नआउट चेक किया गया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप और साफ-सुथरा पाया गया।
इसके बाद फायर स्टेशन में मौजूद सभी वाहनों का निरीक्षण किया गया। चालकों द्वारा वाहनों को स्टार्ट कर उनकी कार्यशीलता प्रदर्शित की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी वाहन हमेशा उच्च स्थिति में रखे जाएं और नियमित रूप से उनकी जांच की जाती रहे।

निरीक्षण के दौरान वॉचरूम की ड्यूटी भी चेक की गई, जहां तैनात फायरमैन सतर्क एवं वर्दी में दुरुस्त पाया गया। संचार व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित पाई गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि वॉचरूम को हमेशा अपडेट और सतर्क रखा जाए तथा सभी कर्मचारियों को पीएफटी की जानकारी होना आवश्यक है।
इसके अलावा बैरक, भोजनालय, एमटी स्टोर और फायर स्टेशन स्टोर का भी निरीक्षण किया गया, जिनका रखरखाव उत्तम स्तर का पाया गया।

निरीक्षण के अंत में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में जानकारी ली, हालांकि किसी कर्मचारी ने कोई समस्या नहीं बताई। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देशित किया कि अग्निकांड के दौरान निर्धारित वर्दी और पीपीई किट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा अनुशासन में रहकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।

साथ ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को कर्मचारियों की फिटनेस के लिए नियमित पीटी और व्यायाम सुनिश्चित कराने तथा उच्च अधिकारियों के निर्देशों का समय से पालन करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वाहनों की लॉग बुक और अन्य दस्तावेजों का भी गहनता से परीक्षण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *