काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्र की पैगा चौकी क्षेत्र के ग्राम अलीगंज रोड स्थित ग्राम पैगा निवासी एक युवक ने हल्द्वानी के होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उस वक्त कमरे में मौजूद उसकी पत्नी और बेटा छर्रे लगने से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पैगा चौकी क्षेत्र के ग्राम पैगा निवासी सुखवंत सिंह (40) हल्द्वानी के गौलापार के होटल में ठहरा था। शनिवार रात करीब ढाई बजे उसने अपनी कनपटी पर गोली चला दी। कमरे में मौजूद उसकी पत्नी परदीप कौर और बेटे गुरसेज सिंह को भी छर्रे लगे। इस दौरान मौके पर ही सुखवंत सिंह की मौत हो गई। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि परदीप और गुरसेज को सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में भर्ती कराने के साथ ही मृतक सुखवंत का शव मोर्चरी भेजा गया है। घटना का कारण प्रापर्टी से जुड़ा बताया जा रहा है। परिवार वालों के अनुसार सुखवंत से करोड़ों रुपये लेकर गलत जमीन बैनामा की गई थी।